गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय अधिष्ठाता ने जारी किया आदेश
अब जयारोग्य अस्पताल में 24 घंटे लगेगा एंटी-रेबीज इंजेक्शन

संवाददाता शैलेंद्र तिवारी
ग्वालियर, 18 फरवरी 2026। शहर में बढ़ते डॉग बाइट के मामलों और मरीजों की सुविधा को देखते हुए भारत सरकार की मंशानुसार गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय अधिष्ठाता ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब जयारोग्य अस्पताल समूह में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए मरीजों को ओपीडी के समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा अब 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ. आर. के. एस. धाकड़ ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉग बाइट के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कई बार मरीज ओपीडी समय खत्म होने के बाद अस्पताल पहुंचते थे, जिससे उन्हें समय पर टीका लगने में परेशानी होती थी। इसी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए 24×7 वैक्सीनेशन की व्यवस्था शुरू की गई है।
नई व्यवस्था : कहां और कैसे लगेगा टीका
महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस. धाकड़ ने ने स्पष्ट किया है कि समय के अनुसार इंजेक्शन लगाने के स्थान अलग-अलग तय किए गए हैं। ओपीडी समय के दौरान मरीजों को पहले की तरह कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओपीडी में जाकर टीका लगवाना होगा। ओपीडी के बाद (एमरजेंसी) में आने वाले मरीज सीधे कैजुअल्टी में जाकर वैक्सीनेशन करा सकेंगे।
समय पर टीकाकरण बेहद अनिवार्य
इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पीड़ित को इलाज के लिए भटकना न पड़े। रेबीज जैसी घातक बीमारी में समय पर टीकाकरण बेहद अनिवार्य है।




