जच्चाखाना में दूर-दराज से आने वालों के लिए व्यापार संघ थाटीपुर की निःशुल्क भोजन सेवा वरदान: सीएमएचओ
नर सेवा ही नारायण सेवा

नर सेवा ही नारायण सेवा है’, इसी ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए व्यापार संघ थाटीपुर द्वारा जिला अस्पताल मुरार के अंतर्गत महिला एवं बाल प्रसूति गृह (जच्चाखाना) में मरीजों के परिजनों के लिए चलाई जा रही निःशुल्क भोजन वितरण सेवा ने अपने दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं। इस गौरवशाली अवसर पर अस्पताल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी (CMHO) सचिन श्रीवास्तव उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन आर. के. शर्मा द्वारा की गई। कार्यक्रम का गरिमामयी संचालन व्यापार संघ थाटीपुर के अध्यक्ष राजेंद्र खण्डेलवाल ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री सचिन श्रीवास्तव जी ने व्यापार संघ के इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जच्चाखाना में दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए यह निःशुल्क भोजन सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। व्यापार संघ थाटीपुर का यह प्रयास समाज के लिए एक आदर्श है और अन्य संस्थाओं को भी इस निस्वार्थ भाव से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सिविल सर्जन श्री आर. के. शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों से अस्पताल प्रबंधन को भी बड़ा संबल मिलता है। व्यापार संघ थाटीपुर के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र खण्डेलवाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी दानदाताओं और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संकल्प दोहराया कि व्यापार संघ की यह भोजन सेवा आगे भी इसी प्रकार बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।
इस पुनीत अवसर पर व्यापार संघ के रामप्रकाश गुप्ता, प्रदीप गांगील, आर. के. गुप्ता, मूलचंद गांगील, राजकुमार गुप्ता और विवेक खण्डेलवाल आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।




