Welcome to KHABARO KI NIGRANI   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABARO KI NIGRANI
धर्म

मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि : राजीव समाधियां

प्रशासन अलर्ट :महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान

के.के.शर्मा

 

भितरवार। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल धार्मिक मेले की तैयारियों को लेकर धुमेश्वर मंदिर परिसर में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता धूमेश्वर मंदिर के महंत श्री श्री 1008 अनिरुद्ध वन महाराज ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद, जनपद पंचायत तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने मिलकर मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। यह मेला प्रतिवर्ष भितरवार, डबरा , ग्वालियर, मुरैना भिंड, दतिया, शिवपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र रहता है, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

बैठक में महंत अनिरुद्ध वन महाराज ने कहा कि महाशिवरात्रि पर लगने वाला मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मंदिर प्रबंधन की ओर से स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और दर्शन पंक्ति के लिए स्वयंसेवकों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी गई।

प्रशासनिक स्तर पर भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया ने मेले की तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। एसडीओपी जितेन्द्र नगाईच ने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेले के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। थाना प्रभारी सुधीर कुशवाहा ने बताया कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।

जनपद पंचायत के सीईओ एलएन पिप्पल ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं नगर परिषद की सीएमओ रीता केलासिया ने नगर परिषद द्वारा की जा रही साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, अस्थायी शौचालयों तथा प्रकाश व्यवस्था की तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद भितरवार मेले को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम मेले के दौरान तैनात रहेगी, एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी तथा अग्निशमन से जुड़े इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके अलावा बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग को भी अपने-अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नायब तहसीलदार शिवदयाल शर्मा ने भी अपने सुझाव रखते हुए कुछ पटवारी की ड्यूटी भी मेला में लगाने के निर्देश जारी किए।

अधिकारियों और नागरिक प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से यह विश्वास जताया कि प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और आमजन के सहयोग से इस वर्ष महाशिवरात्रि का मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगा। उल्लेखनीय है कि धुमेश्वर मंदिर में आयोजित यह मेला पूरे क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!