क्राइम
Trending
रजिस्टर में एंट्री नहीं, कटते रहे वाहन: अपराध के सबूत तक हो सकते हैं गायब
डीबी सिटी सेंटर रोड पर स्क्रैप कारोबार पर सवाल, नियमों की अनदेखी से जांच एजेंसियां चिंतित

शैलेन्द्र तिवारी पत्रकार
मो. 8878356416
ग्वालियर। शहर के डीबी सिटी सेंटर रोड स्थित वाहन कटाई और स्क्रैप कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि यहां संचालित एक स्क्रैप गोदाम में काटे जाने वाले वाहनों की विधिवत रजिस्टर में एंट्री ही नहीं की जा रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि अपराधों में इस्तेमाल हुए वाहनों के अहम सबूत भी नष्ट हो चुके होंगे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंसी नाम का एक युवक लंबे समय से इस कारोबार को संचालित कर रहा है और शासन-प्रशासन के नियमों को दरकिनार कर खुलेआम वाहन कटाई का काम किया जा रहा है। नियमों के अनुसार, किसी भी वाहन को स्क्रैप करने से पहले उसकी पूरी जानकारी—जैसे रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक का विवरण और संबंधित दस्तावेज—रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होता है, लेकिन यहां इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा।
अपराध जांच पर पड़ सकता है असर
विशेषज्ञों की मानें तो बिना रिकॉर्ड के वाहनों की कटाई सीधे-सीधे आपराधिक मामलों की जांच को प्रभावित कर सकती है। कई बार चोरी, लूट या अन्य गंभीर अपराधों में उपयोग किए गए वाहन स्क्रैप में पहुंच जाते हैं। यदि उनकी एंट्री ही नहीं होगी, तो पुलिस के लिए ऐसे वाहनों का पता लगाना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां
परिवहन और नगर निगम के नियमों के तहत स्क्रैप यार्ड संचालकों को लाइसेंस, वैध दस्तावेज और रजिस्टर मेंटेन करना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित विभागों से अनुमति लेना भी जरूरी होता है। लेकिन आरोप है कि उक्त स्थान पर इन नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
इतने बड़े स्तर पर नियमों की अनदेखी के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे अपराधियों को संरक्षण मिलने जैसी स्थिति बन सकती है।



