मंडी बोर्ड ने जारी किए तबादला आदेश, नरेश जाटव को मिली मंडी निरीक्षक की जिम्मेदारी
मंडी बोर्ड में बड़े पैमाने पर फेरबदल, पदोन्नति के बाद कई मंडी निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी

ग्वालियर संभाग सहित कई जिलों में सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू
भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने प्रदेशभर की कृषि उपज मंडी समितियों में प्रशासनिक आधार पर बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए कई मंडी निरीक्षकों की नई पदस्थापनाएं कर दी हैं। स्थापना शाखा द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी आदेशों में पदोन्नत हुए उप निरीक्षकों को मंडी निरीक्षक बनाते हुए विभिन्न मंडियों में पदस्थ किया गया है। साथ ही कई अधिकारियों को संबंधित मंडी समितियों में रिक्त सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जारी आदेशों के अनुसार नरेश जाटव को मकसूदनगढ़ (गुना) से पदोन्नति के बाद मगरौनी (शिवपुरी) में मंडी निरीक्षक बनाते हुए सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह लाखन मौर्य को पोरसा (मुरैना) से अंबाह (मुरैना), मुकेन्द्र कुमार शर्मा को पिछोर (शिवपुरी) से चंदेरी (अशोकनगर) तथा श्यामलाल अहिरवार को अशोकनगर से ईसागढ़ (अशोकनगर) में मंडी निरीक्षक पद पर पदस्थ किया गया है। सभी अधिकारियों को संबंधित मंडी समितियों में रिक्त सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
मंडी बोर्ड ने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। जिन अधिकारियों के पास पहले सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार था, उन्हें प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
ग्वालियर अंचल से जुड़े इन आदेशों की प्रतिलिपि संयुक्त संचालक, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, ग्वालियर सहित संबंधित मंडी समितियों को भेजी गई है। बोर्ड ने सभी संबंधित अधिकारियों को भारमुक्ति एवं कार्यभार ग्रहण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
मंडी बोर्ड के इस प्रशासनिक फेरबदल को मंडी समितियों में कार्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी आदेश प्रबंध संचालक के निर्देश पर उपसंचालक (स्थापना), मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल द्वारा जारी किए गए हैं।