स्मैक की लत ने ली युवक की जान, नगर में बेखौफ फल-फूल रहा नशे का कारोबार
स्मैक की बढ़ती लत ने एक और घर का चिराग बुझा दिया

भितरवार। नगर में स्मैक की बढ़ती लत ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। स्मैक के आदी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक युवक अभिषेक परिहार उर्फ मंत्री लंबे समय से स्मैक का सेवन कर रहा था, जिसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों को भी थी। परिजन कई बार उसे नशे से दूर करने की कोशिश करते रहे, लेकिन स्मैक की गिरफ्त से वह बाहर नहीं निकल सका। लंबी बीमारी के चलते बुधवार को उक्त युवक का निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि युवक की तबीयत पिछले कई दिनों से बिगडी हुई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण नशे की अधिकता माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर भितरवार में खुलेआम चल रहे स्मैक के अवैध कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*क्षेत्र में भी चल रहा है स्मैक का गोरख धंधा*
नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्मैक का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। युवाओं को आसानी से यह घातक नशा उपलब्ध हो रहा है, जिससे कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्मैक बेचने वाले बेखौफ होकर अपना धंधा चला रहे हैं और कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है।
*घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने बताई जन जागरूकता की जरूरत*
नशे की चपेट में आकर युवा अपनी सेहत, भविष्य और परिवार सब कुछ दांव पर लगा रहे हैं। आए दिन नशे से जुड़ी घटनाएं सामने आने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस-प्रशासन से स्मैक के अवैध कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने, तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी भी है।


