दस परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में आयोजित हुई दसवीं की परीक्षा
एसडीएम राजीव समाधिया ने बापू हायर सेकेंडरी स्कूल आंतरी परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

भितरवार।
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित कराई जा रही हाई स्कूल वार्षिक बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए भितरवार अनुविभाग में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिन पर माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देशों और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं या नहीं, जिनकी हकीकत जानने के और नकल को रोकने के लिए ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के द्वारा निरीक्षण दल भी तैनात किए गए हैं इसी क्रम में मंगलवार को ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती चौहान के निर्देश पर भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया के द्वारा आंतरी नगरीय क्षेत्र के बापू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और वहां पर सभी व्यवस्थाओं को देखा।
मंगलवार को हाई स्कूल वार्षिक बोर्ड परीक्षा के अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र को लेकर परीक्षा आयोजित की गई जिसमें भितरवार क्षेत्र के 10 परीक्षा केंद्रों पर 2362 दर्ज कल विद्यार्थियों में से 2301 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस दौरान 61 विद्यार्थी अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र में अनुपस्थित रहे। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के साथ ही परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के साथ ही केंद्रों पर किए गए कड़े सुरक्षा इंतजामों को देखने के लिए अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र के दौरान भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया बापू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आंतरी के परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, इस दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को देखा, साथ ही परीक्षा कक्ष के अंदर निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे और उसके कंट्रोल रूम को भी बैठकर चेक किया। श्री समाधिया के द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही परीक्षा केंद्र पर कानून व्यवस्था की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा सहायता 2023 की धारा 163 के तहत समस्त परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में 4 या 4 से अधिक व्यक्तियों के समूह के रूप में या अन्य किसी प्रकार से एकत्रित होने वाले लोगों पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल को दिए गए। इसी प्रकार भितरवार नगर के शासकीय कन्या हाई स्कूल, अशासकीय विद्यालय एस आई टी एम हायर सेकेंडरी और कमला गर्ल्स एंड बॉयज के परीक्षा केंद्रों का विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल आर जर्मन के द्वारा निरीक्षण किया गया।




