घर में घुसकर हमला: गुर्जर समाज के लोगों की दबंगई, 4 गंभीर घायल
चीनोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेकरा में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया

के.के. शर्मा
भितरवार अनुभाग के चीनोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेकरा में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां छोटू बाथम पुत्र मचला बाथम के घर में घुसकर गुर्जर समाज के संजय गुर्जर, प्रदीप गुर्जर, राममोहन गुर्जर, बल्लू गुर्जर सहित 4–5 अन्य लोगों ने एक जुट होकर परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें लाठी, पत्थर और लात-घूंसों से की गई इस बर्बर मारपीट में छोटू के पिता की चार पसलियां टूट गईं, जबकि भाई, माता और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेकरा निवासी संजय गुर्जर पुत्र नवल सिंह गुर्जर प्रतिदिन दूध लेने के लिए नदी पार जाते समय छोटू बाथम के घर के सामने से गुजरता था। 17 फरवरी की शाम को करीब 5 बजे हुई मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी पक्ष के 4–5 लोग एकजुट होकर घर में घुस आए और पूरे परिवार पर हमला बोल दिया।
हमले की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। पुलिस की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चीनोर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। वहीं चीनोर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। सवाल यह उठता है कि खुलेआम घर में घुसकर हमला करने वाले बाकी आरोपियों को पुलिस कब तक सलाखों के पीछे पहुंचाएगी?
पीड़ित परिवार पर हुआ यह हमला न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि दबंग तत्वों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिलता है।


