बिना अनुज्ञा के व्यापार करने वाले व्यापारियों पर मंडी बोर्ड का उड़नदस्ता सख्त
मोहना क्षेत्र में मंडी उड़नदस्ते ने धान और गेहूं से भरे दो ट्रक पकड़े, कागजातों में नहीं मिली अनुज्ञा; मंडी टैक्स चोरी रोकने के लिए मंडी बोर्ड ने बढ़ाई सख्ती।

शैलेन्द्र तिवारी संवाददाता
मध्य प्रदेश – ग्वालियर-चंबल अंचल में मंडी टैक्स चोरी के मामलों पर मंडी बोर्ड का उड़नदस्ता अब सख्त कार्रवाई के मूड में है। कई मंडियों से बिना अनुज्ञा (लाइसेंस) के माल ले जाने की शिकायतों के बाद मंडी बोर्ड ने मंगलवार को बड़ी कार्याही की। मोहना क्षेत्र में उड़नदस्ते ने दो ट्रकों को पकड़ा, जिनमें गेहूं और धान से भरा माल दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा था। जांच में वाहनों के दस्तावेज अधूरे मिले और सबसे बड़ी बात — अनुज्ञा पत्र अनुपस्थित पाया गया।
मंडी बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ व्यापारी ग्वालियर एवं शिवपुरी जिलों की मंडियों से कृषि उपज खरीदकर बिना अनुज्ञा के उसे अन्य राज्यों में भेज रहे हैं। इन व्यापारियों द्वारा यह खेल केवल मंडी टैक्स चोरी के लिए किया जा रहा था।
दरअसल, मंडी में फसल खरीदने वाले प्रत्येक व्यापारी को कुल मूल्य पर 2 प्रतिशत टैक्स जमा कराना अनिवार्य है, लेकिन टैक्स बचाने के लालच में व्यापारी मंडी से बाहर सीधे सौदे कर रहे थे और फसल को ट्रकों में भरकर बिना किसी वैध अनुमति के राज्य की सीमाओं के पार भेज रहे थे।
मंगलवार को मिली सूचना पर ग्वालियर संभाग के उड़नदस्ते ने मोहना के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान धान और गेहूं से भरे दो ट्रक पकड़े । जब वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई तो न तो वैध अनुज्ञा मिली और न ही मंडी टैक्स जमा करने का कोई प्रमाणपत्र। सूत्रों के अनुसार ये वाहन ग्वालियर से लोड होकर महाराष्ट्र एवं राजस्थान की ओर जा रहे थे।
उड़नदस्ते ने मौके से ट्रकों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की रिपोर्ट मंडी सचिव को भेज दी गई है। शिवपुरी मंडी सचिव ने बताया कि यह कार्यवाही उन व्यापारियों को कड़ा संदेश है जो राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं। संयुक्त संचालक ने कहा आने वाले दिनों में ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी और मुरैना की मंडियों में भी इसी तरह के निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि मंडी टैक्स से प्राप्त राशि का उपयोग किसानों के हित में होता है, जिससे मंडी व्यवस्था, तौल कांटे, भंडारण गृह और कृषि विकास के कार्य संचालित किए जाते हैं। इसलिए टैक्स चोरी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूत्रों ने यह भी बताया कि जिन व्यापारियों के नाम इन ट्रकों से जुड़े हैं, उनकी सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। मंडी बोर्ड ने यह भी संकेत दिया है कि यदि भविष्य में बिना अनुज्ञा के माल भेजा गया तो संबंधित ट्रक मालिक और व्यापारी दोनों पर FIR दर्ज कराई जाएगी।
मोहना मंडी क्षेत्र में मंडी बोर्ड उड़नदस्ते की कार्रवाई — मनीष ट्रेडिंग और पारस ट्रेडिंग पर बिना अनुज्ञा के गेहूं-धान का माल ले जाने का आरोप, दोनों फर्मों के ट्रक पकड़े गए, मंडी टैक्स चोरी की जांच शुरू
पूर्व में भी हुआ था बिना अनुज्ञा का मामला
मोहना मंडी क्षेत्र में पहले भी फर्जी अनुज्ञा पर राजस्थान की फर्म द्वारा माल ले जाने का मामला आया था सामने — अधिकारियों ने कार्रवाई तो की, लेकिन बाद में सेटिंग कर मामला दबा दिया गया
शिवपुरी कृषि उपज मंडी समिति सचिव शुक्ला ने बताया कि बिना अनुज्ञा के निकलने वाले ट्रकों पर की गई कार्रवाई के दौरान फ्लाइंग प्रभारी बृजेश धाकड़, एएसआई पंकज उमरिया, एएसआई गोविंद गोयल मौजूद रहे — सूचना मिलते ही मोहना मंडी प्रभारी वी.एस. दंडोतिया भी मौके पर पहुंचे



