Welcome to KHABARO KI NIGRANI
Click to listen highlighted text!
Welcome to KHABARO KI NIGRANI
भितरवार। शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जनपद शिक्षा केंद्र भितरवार द्वारा टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) प्रदर्शन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विकासखंड के विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों से आए शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने शिक्षण कौशल को निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए।
कार्यक्रम का आयोजन बिजली घर के सामने स्थित नवीन नगर परिषद के सामुदायिक भवन (वार्ड क्रमांक 4) में दो सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र में कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों ने प्रातः 10:30 बजे से भागीदारी की, जबकि द्वितीय सत्र में कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए दोपहर 2:00 बजे से कार्यशाला आयोजित की गई। दोनों सत्रों में शिक्षकों की उपस्थिति सराहनीय रही और उन्होंने पूरे उत्साह एवं सक्रियता के साथ सहभागिता की।
कार्यशाला में बीआरसीसी नरहरि मिश्रा ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षण के साथ-साथ नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि टीएलएम के उपयोग से बच्चों को कठिन विषयवस्तु को भी सरल, सहज एवं रोचक तरीके से समझाया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों की कक्षा में रुचि बढ़ती है और उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने शिक्षकों को गतिविधि-आधारित शिक्षण (Activity Based Learning) को बढ़ावा देने, स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा बच्चों की समझ के अनुसार पढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया कि छोटे-छोटे नवाचार शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और परिणामदायी बना सकते हैं। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न विषयों से संबंधित शिक्षण सामग्री (टी एल एम) का प्रदर्शन किया, जिसमें गणित, भाषा एवं पर्यावरण अध्ययन से जुड़ी अनेक रचनात्मक सामग्री शामिल रही। शिक्षकों ने अपने-अपने नवाचारों को प्रस्तुत करते हुए उनके उपयोग एवं प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान आपसी संवाद एवं अनुभवों के आदान-प्रदान से शिक्षकों को नई-नई शिक्षण तकनीकों को सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना था, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना तथा शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। कार्यशाला के अंत में शिक्षकों ने इस तरह के आयोजन को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यशाला कों बीएससी मुकेश कुमार यादव ने भी संबोधित किया इस दौरान जन शिक्षक देवेंद्र बघेल, राकेश राजपूत, अनिल शिवहरे, राजेंद्र रावत, महेंद्र राजपूत, भारत भूषण जोशी, लक्ष्मी नारायण उपस्थित थे, अंत में आभार प्रदर्शन बीएसी राजीव कुमार गुप्ता के द्वारा किया गया।
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!