Welcome to KHABARO KI NIGRANI
Click to listen highlighted text!
Welcome to KHABARO KI NIGRANI
शैलेन्द्र तिवारी पत्रकार
आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर ग्वालियर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयुष विभाग द्वारा जिलेभर में “100 डेज फ्री लाइव योगा सेशंस” तथा 50 दिवसीय नि:शुल्क योग काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत कॉमन योगा प्रोटोकॉल आधारित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।
प्रभारी जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में नियमित योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सभी आयुष औषधालयों में लोगों को योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। बांधोली, दगियापुरा और बेहटा स्थित चिकित्सालयों में लगातार योगाभ्यास कराया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग योग सत्रों में शामिल हो रहे हैं।
आयुष विभाग द्वारा योग कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पंजीयन व्यवस्था भी की गई है। इच्छुक नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं और नि:शुल्क योग कार्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं।
जिला प्रशासन और आयुष विभाग का मानना है कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोगी जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर जिले में आयोजित किए जा रहे ये कार्यक्रम लोगों में उत्साह पैदा कर रहे हैं और योग के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित कर रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष योग दिवस पर रिकॉर्ड संख्या में लोग योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे।
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!